Main Menu

मुलायम की लिस्ट में अखिलेश समर्थकों का पत्ता साफ

इंडिया वोट कर टीम के अनुसार
सपा ने आंतरिक घमासान के बीच दोबारा सरकार बनाने के इरादे से विधानसभा चुनाव के लिए 325 प्रत्याशियों का बुधवार को ऐलान कर दिया। इसमें मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ज्यादातर नजदीकी मंत्रियों व विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव द्वारा तय इस सूची में प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव की छाप नजर आती है। मुलायम ने कई ऐसे नामों पर मुहर लगा दी जिन्हें अखिलेश नहीं चाहते थे। जबकि तीन मंत्रियों समेत 51 वर्तमान विधायकों के टिकट काटे गए हैं। इनमें से ज्यादातर अखिलेश के समर्थक माने जाते हैं।

मुलायम ने बाकी 78 सीटें खाली छोड़ दी हैं। इन पर भी जल्द प्रत्याशी तय होंगे। नई सूची में सीएम अखिलेश द्वारा बर्खास्त किए गए 10 मंत्रियों को भी प्रत्याशी बनाया गया है। सूची में 40 यादव और 63 मुस्लिमों को टिकट दिया गया है।
अखिलेश यादव सख्त
इस बीच, अखिलेश ने गुरुवार को अपने समर्थक विधायकों की बैठक बुलाई। साथ ही सीएम ने विकास परिषद की उपाध्यक्ष सुरभि शुक्ला और उनके पति संदीप शुक्ला को पद से हटा दिया है। संदीप राजकीय निर्माण निगम में सलाहकार थे। उन्हें बुधवार को जारी सूची में सुलतानपुर के सदर विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया था। दोनों को पीडब्ल्यूडी व सिंचाई मंत्री रहे शिवपाल सिंह यादव के खासे करीबी माना जाते हैं। इसे मुख्यमंत्री द्वारा समर्थकों को टिकट न मिलने के चलते पलटवार माना जा रहा है।
तीन मंत्रियों का टिकट कटा
अखिलेश सरकार में वनराज्य मंत्री व अयोध्या से विधायक पवन पांडेय का टिकट काट दिया गया है। सपा ने उन्हें अनुशासनहीनता में पार्टी से बर्खास्त कर चुकी थी। इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने उन्हें मंत्री बनाए रखा। मुख्यमंत्री के नजदीकी पंचायती राज मंत्री राम गोविन्द चौधरी का टिकट काटकर नीरज सिंह गुड्डू को उम्मीदवार घोषित किया गया है। कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप को भी झटका लगा है। गोप का टिकट काट कर उनकी जगह केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा के बेटे राकेश वर्मा को उनकी रामनगर सीट से टिकट दे दिया गया है। मंत्री कमाल अख्तर भी प्रत्याशी घोषित नहीं हुए हैं, हालांकि उनकी सीट पर कोई प्रत्याशी घोषित नहीं हुआ है।

Mulayam Singh’s list of SP nominees a snub to Akhilesh Yadav, party to go solo

Source : Dailyhunt






Comments are Closed