Main Menu

MP उपचुनाव में दोनों सीटों पर विजयी हुई कांग्रेस, सिंधिया ने कहा, ‘धन बल के ऊपर जन बल की जीत’

मध्य प्रदेश उपचुनाव

भोपाल  मध्य प्रदेश उपचुनाव की कोलारस और मुंगावली विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को दोनों सीटों पर विजय हासिल हुई है। राज्य की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी ने मुंगावली सीट पर 2124 वोटों से जीत हासिल की है। उधर कोलारस में भी कांग्रेस के महेंद्र सिंह यादव ने 2013 में अपने पिता द्वारा जीती गयी सीट को कायम रखा है। उन्होंने बीजेपी के देवेंद्र जैन को 8083 वोट से हराया है। 2013 में भी देवेंद्र जैन को महेंद्र के पिता राम सिंह ने 24953 वोट से हराया था।

ज्योतिरादित्य ने लिखा ‘धनबल पर जनबल की जीत’
चुनाव की विजय के बाद कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस विजय के लिए एमपी के मतदाताओं को धन्यवाद दिया। परिणाम घोषित होने के बाद ज्योतिरादित्य ने ट्वीट करते हुए लिखा,’मुंगावली की जीत सत्य की जीत है। धनबल के ऊपर जन बल की जीत है। आपके विश्वास की जीत है। अन्नदाताओं की जीत है। सबसे ऊपर ये जीत मेरी आन, बान और शान मेरी प्यारी जनता की जीत है। मेरे कंधे से कंधा मिलाकर चले कांग्रेस के जांबाज़ सिपाहियों, मेरे कार्यकर्ताओं की जीत है।’

काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं चुनाव परिणाम
आगामी दिनों में होने वाले सत्ता के महासमर से पूर्व हुए इन चुनावों में कांग्रेस की विजय उसके लिए जीवनदान के रूप में देखी जा रही है। बता दें कि इससे पहले उपचुनाव के लिए प्रचार में भी सत्तारूढ़ बीजेपी और कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी थी। वहीं सीएम शिवराज सिंह चौहान और कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का प्रश्न बना हुआ था। ऐसे में कुछ महीनों बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उपचुनाव के इन नतीजों को काफी अहम माना जा रहा है। वहीं सियासी रणनीतिकार यह भी मान रहे हैं कि विधानसभा उपचुनाव से पहले हुए इन चुनावों का सीधा असर विधानसभा चुनाव में देखने को मिल सकता है।

कांग्रेस विधायकों के निधन से खाली हुई थी सीट
गौरतलब है कि कोलारस और मुंगावली विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए 24 फरवरी को मतदान हुए थे। इन दोनों स्थानों पर कांग्रेस विधायकों के निधन के चलते उपचुनाव कराए गए थे। उपचुनाव के लिए 24 फरवरी को हुए मतदान के बाद 28 फरवरी को वोटों की गिनती की गई।






Comments are Closed