Main Menu

झारखंड में भाजपा से गठबंधन नहीं, सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगा जदयू

झारखंड में भाजपा से गठबंधन नहीं, सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगा जदयू

धनबाद।झारखंड में भाजपा से गठबंधन नहीं, बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा है कि झारखंड में उनकी पार्टी जदयू का सत्ताधारी भाजपा से गठबंधन नहीं है। उन्होंने कहा कि जदयू की तैयारी झारखंड की सभी 14 लोकसभा और 81 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की है। कुमार ने गुरुवार को धनबाद सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जदयू का सिर्फ बिहार में भाजपा के साथ गठबंधन है। इसलिए झारखंड की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की हमारी तैयारी है। वैसे राजनीतिक संभावनाओं का खेल है। चुनाव होने में काफी समय है। उस वक्ता क्या होगा दावे के साथ नहीं कहा जा सकता है।

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने झारखंड में पार्टी को मजबूत करने के लिए श्रवण कुमार को कोआर्डिनेटर बना जिम्मेवारी सौंप रखी है। इसी सिलसिले में कुमार गुरुवार को धनबाद दौरे पर थे। उन्होंने सर्किट हाउस में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठन मजबूत करने के लिए विचार-विमर्श किया। मंत्री ने बताया कि 25 जून को झारखंड के सभी जिला मुख्यालयों पर जदयू की तरफ से स्थानीय समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद समाधान के लिए उपायुक्तों के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपा जाएगा।

धरना-प्रदर्शन के बाद पार्टी समीक्षा कर आगे का आंदोलनात्मक कार्यक्रम तैयार करेगी। बिहार के मंत्री ने धनबाद में जारी बिजली संकट को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा है कि धनबाद में 8 से 10 घंटे तक बिजली नहीं रहती। बिजली संकट के कारण लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। लोगों की परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री को बिजली की समीक्षा करनी चाहिए।

गौरतलब है कि झारखंड में बिजली विभाग मुख्यमंत्री रघुवर दास के पास ही है। उन्होंने कहा, जदयू कार्यकर्ताओं ने मुझे बताया है कि धनबाद गंभीर बिजली संकट का सामना कर रहा है। सच्चाई को जानने के लिए मैंने यहां के कुछ लोगों और अधिकारियों से भी बात की। जदयू कार्यकर्ताओं की तरह उन्होंने भी बताया कि धनबाद बिजली और पानी संकट का सामना कर रहा है। 8 से 10 घंटे बिजली नहीं रहती है तो पानी दो-तीन दिन के अंतराल पर आता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जिम्मेवारी है कि वह अपने नागरिकों को पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए। लोगों को सुविधाएं नहीं मिल रही है तो राज्य सरकार को समीक्षा करनी चाहिए। धनबाद में फ्लाईओवर और हवाईअड्डा निर्माण की वकालत करते हुए मंत्री ने कहा कि इसके लिए जदयू के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे। मौके पर झारखंड प्रदेश जदयू अध्यक्ष जलेश्वर महतो, हाजी हसीब खां, जिलाध्यक्ष पिंटू कुमार सिंह, महानगर अध्यक्ष राजू कुमार सिंह, प्रकाश नोनिया, धनलाल दुबे, अरविंद राय, पार्वती देवी आदि उपस्थित थे।






Comments are Closed